home page

नूंह में अवैध कॉलोनी पर चला प्रशासन का पीला पंजा

 | 
नूंह में अवैध कॉलोनी पर चला प्रशासन का पीला पंजा


नूंह, 15 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को तहसील नूंह के राजस्व एस्टेट बरोटा, कंवरसिका और रईसिका में प्रशासन की टीम ने तोड़फोड़ अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया।

जिला टाउन प्लानिंग ऑफिसर बिनेश कुमार ने बताया कि करीब 12 एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मौके पर बनाए जा रहे करीब एक इंडस्ट्रियल शेड, छह निर्माणाधीन स्ट्रक्चर, 10 डीपीसी और बाउंड्री वॉल को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई पूरी की। जिला टाउन प्लानिंग ऑफिसर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने तथा नियमों के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी और निर्माण की वैधता की जांच अवश्य करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया