जींद में आठ क्विंटल 15 किलो डोडा पोस्त बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
जींद, 13 मई (हि.स.)। सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने मोहलखेड़ा पुल के निकट पंजाब के दो नशा तस्करों को कैंटर सहित काबू किया है। टीम ने उनसे आठ क्विंटल 15 किलोग्राम डोडा पोस्त की खेप बरामद की है।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बुधवार को बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान बरनाला पंजाब निवासी गुरचरण सिंह, गांव पालखेड़ी चित्तोडग़ढ़ (राजस्थान) निवासी महेश राव मराठा के तौर पर हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी हे।
नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए नरवाना की टीम इंद्रा कॉलोनी नरवाना में मौजूद थी। तभी टीम को सूचना मिली कि पंजाब व राजस्थान के दो नशा तस्कर एक कैंटर में डोडा पोस्त की भारी खेप लेकर पंजाब की तरफ जाने वाले हैं। सीआईए टीम तुरंत हरकत में आई और उच्च अधिकारियों को मुखबरी बारे सूचित किया व तत्परता से कारवाई करते हुए खनौरी रोड पर मोहलखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक नाकाबंदी शुरू की। थोड़ी देर बाद बताए गए नंबर का कैंटर जींद की तरफ से आता दिखाई दिया। सीआईए टीम ने आरोपितों को कैंटर सहित मौका पर ही काबू कर लिया। सीआईए टीम ने राजपत्रित अधिकारी कि हाजरी में आरोपितों व कैंटर की तलाशी ली तो कैंटर के अंदर तिरपाल के नीचे 39 कट्टों में कुल आठ क्विंटल 15 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। जिस पर आरोपितों के खिलाफ थाना शहर नरवाना में नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी अथवा अन्य अपराध संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

