home page

गुरुग्राम: सदर बाजार रोड पर अतिक्रमण मुक्त होगा मुख्य हनुमान मंदिर मार्ग

 | 
गुरुग्राम: सदर बाजार रोड पर अतिक्रमण मुक्त होगा मुख्य हनुमान मंदिर मार्ग


-वार्ड-27 की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर, सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन और स्ट्रीट लाइटों पर हुई चर्चा

-अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव की अध्यक्षता में वार्ड कमेटी की हुई बैठक

गुरुग्राम, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड-27 में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के उचित प्रबंधन और स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर वार्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने की और वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वार्ड की प्रमुख नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य हनुमान मंदिर, सदर बाजार रोड को अतिक्रमण मुक्त बनाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इस मार्ग पर आवागमन को सुगम बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। बैठक में निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के उचित प्रबंधन का विषय प्रमुखता से उठाया गया। वार्ड में निर्माण सामग्री और मलबे के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण, उठान और निर्धारित स्थान पर निस्तारण को लेकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

इस दिशा में नागरिकों और निर्माण कार्य कराने वालों को भी जागरूक करने पर जोर दिया गया, ताकि निर्माण मलबे को सडक़ों, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर न डाला जाए। सीएंडडी वेस्ट का उचित प्रबंधन वार्ड की स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए महत्वपूर्ण है। बैठक में वार्ड-27 की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। नियमित सफाई, कचरे के समय पर उठान और नागरिकों की समस्याओं के समाधान जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वार्ड कमेटी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर