गुरुग्राम: सदर बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करने का हो रहा काम
-यूएलबी हरियाणा के आयुक्त व सचिव ने गुरुग्राम में विकास एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की
गुरुग्राम, 27 सितंबर (हि.स.)। शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा के आयुक्त व सचिव अशोक कुमार मीणा ने गुरुग्राम स्थित स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। शनिवार देर शाम इस बैठक में यूएलबी निदेशक शरणजीत कौर बराड़, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, एसबीएम मिशन निदेशक शाश्वत सांगवान सहित एमसीजी के अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों, सडक़ों, मुख्यमंत्री घोषणाओं, पौधारोपण, प्रॉपर्टी आईडी, स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन तथा नागरिक शिकायतों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
नगर निगम अधिकारियों द्वारा विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भौतिक प्रगति, स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया तथा कार्यों को पूरा करने में आ रही चुनौतियों की जानकारी दी गई। आयुक्त वी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सदर बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है। अब तक लगभग 1.79 करोड़ रुपए के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। स्मार्ट फीचर्स से संबंधित करीब 8.58 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों के अनुमान को एफएंडसीसी द्वारा मंजूरी दी गई है तथा ये कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं। विभिन्न वार्डों में सडक़, सीवर एवं सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें कमान सराय में बेस लेवल पार्किंग, सदर बाजार में मल्टी-लेवल कार पार्किंग, सेक्टर-14 स्थित एमसीजी कार्यालय भवन, वजीराबाद में स्पोट्र्स स्टेडियम, नाला नंबर-89 का सुधार, अटल पार्क एवं स्मृति केंद्र सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। कमान सराय में बेस लेवल पार्किंग का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके संचालन एवं रखरखाव के लिए लाइसेंस-फीस आधारित ओएंडएम टेंडर खोला गया है। सेक्टर-14 स्थित व्यापार सदन में एमसीजी कार्यालय भवन का कार्य करीब 83 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना की लागत में वृद्धि को मंजूरी मिलने के बाद शेष एवं अतिरिक्त कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

