गुरुग्राम: शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफे का झांसा देकर 32 लाख की ठगी
गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। साइबर अपराध साउथ थाना क्षेत्र में जालसाजों ने कम समय में दोगुना मुनाफा कमाने का प्रलोभन 32 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीडि़त की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-67 निवासी शैलेश साहू ने बताया कि कुछ समय पहले अज्ञात लोगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। गु्रप में शेयर मार्केट और अन्य स्कीमों में निवेश कर कम समय में दोगुना मुनाफे का दावा किया जा रहा था। इस गु्रप में कई अन्य लोग भी जुड़े थे। जिसमें गु्रप एडमिन और सदस्यों ने शैलेश का विश्वास जीता। शुरुआत में छोटा निवेश करने पर उन्हें अच्छा रिटर्न दिया गया, ताकि लालच में ज्यादा पैसे लगाएं। इसके बाद अधिक निवेश के लिए उकसाया गया। शैलेश साहू ने अलग-अलग किस्तों में कुल 32 लाख रुपये जालसाजों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जालसाजों ने उन्हें वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का मुनाफा दिखाया। जब शैलेश ने पैसे निकालने चाहे तो जालसाजों ने टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर और रकम मांगी। इस पर पीडि़त का अपने साथ ठगी किए जाने का एहसास हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

