गुरुग्राम: यातायात पुलिस एक हफ्ते में किए 1.71 करोड़ के चालान
नेशनल हाईवे 48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर ड्रोन और कैमरों से निगरानी तेज
गुरुग्राम, 15 जून (हि.स.)। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर गुरुग्राम पुलिस ने एक हफ्ते में बड़ी कार्रवाई की है। चालान नहीं सलाम मिलेगा अभियान के तहत आठ से 14 जून के बीच यातायात पुलिस ने कुल 21,410 चालान काटे और एक करोड़ 71 लाख 77 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया।
यातायात पुलिस के अनुसार इस दौरान मैदानी स्तर पर 12,320 चालान किए गए। इनमें रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1237, रोड मार्किंग उल्लंघन के 244, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 760, बिना सीट बेल्ट के 528, ड्राइवर बिना हेल्मेट के 743, ड्रंकन ड्राइविंग के 559 और रॉन्ग पार्किंग के 1204 चालान शामिल हैं।
इसके अलावा डेंजरस यू-टर्न, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल और ध्वनि प्रदूषण पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
कैमरों के जरिए 9,090 चालान किए गए। इसमें लेन चेंज के 3620, नो-एंट्री उल्लंघन के 3690, ओवरस्पीडिंग के 7, बिना हेल्मेट के 585 और बिना सीट बेल्ट के 754 चालान शामिल हैं। प्रदूषण संबंधी उल्लंघनों पर 344 चालान काटे गए।
नेशनल हाईवे 48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर ड्रोन से निगरानी
सड़क अनुशासन बनाए रखने और हादसों पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे 48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी बढ़ाई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग की और से कैमरों के साथ ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर लेन चेंज और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जागरूकता के लिए सुरक्षा रथ, 412 लोगों को दी जानकारी
ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा रथ के जरिए 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 412 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल-112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी दी गई। लोगों को अपनी लेन में चलने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग न करने, गति सीमा का पालन करने और नशे में गाड़ी न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
ट्रैफिक मित्र योजना को मिल रहा है रिस्पॉन्स
यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने नागरिकों को ट्रैफिक मित्र के रूप में जोड़ना शुरू किया है। इसके लिए एसओपी जारी की गई है। अब तक 188 से अधिक नागरिकों ने आवेदन किया है और 800 से ज्यादा ट्रैफिक मार्शल विभिन्न संस्थानों के सहयोग से बनाए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

