home page

गुरुग्राम: सफाई व्यवस्था में लापरवाही, दो एजेंसियों पर 31.45 लाख रुपये जुर्माना

 | 
गुरुग्राम: सफाई व्यवस्था में लापरवाही, दो एजेंसियों पर 31.45 लाख रुपये जुर्माना


-एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट की प्रक्रिया भी शुरू की गई

गुरुग्राम, 10 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम ने शहर की सफाई व्यवस्था व ठोस कचरा प्रबंधन कार्यों में लापरवाही पर सख्त कदम उठाया है। निगम की ओर से दो एजेंसियों पर 31 लाख 45 हजार 360 रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही दोनों एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

नगर निगम के जोन-6 में सैनिटेशन कार्य के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराने वाली एजेंसी केएस मल्टीफेसलिटी सर्विसेज लिमिटेड को जोन-6 में 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, प्रत्येक के साथ चालक एवं 7 हेल्पर तैनात किए जाने थे। एजेंसी ने निर्धारित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर अपलोड/पंजीकृत नहीं किया। आरएफपी की पेनल्टी क्लॉज 9.1 (17) के तहत प्रति वाहन प्रतिदिन 2,000 रुपये की दर से जून एवं जुलाई 2026 की अवधि के लिए 9,40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। संबंधित एजेंसी को अपना पक्ष रखने के लिए सात दिन का समय भी दिया गया है। जारी नोटिस के अनुसार 15 जून से 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक दिन 10 वाहनों को पोर्टल पर पंजीकृत नहीं पाया गया और प्रत्येक दिन 20,000 रुपये की दर से दंड लगाया गया।

कचरा संग्रहण एजेंसी पर 22.05 लाख रुपये जुर्माना

जोन-6 में डोर-टू-डोर म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट कलेक्शन के लिए एजेंसी द क्लासिक मैनपावर एंड कंस्ट्रक्शन सर्विसेज के खिलाफ भी जुलाई 2026 में आरएफपी की शर्तों का अनुपालन नहीं करने पर कार्रवाई की गई है। कार्यादेश के तहत एजेंसी को 53 वाहन, 53 चालक/हेल्पर तथा तीन सुपरवाइजर तैनात करने थे। इसके साथ ही वाहनों और मैनपावर का एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर पंजीकरण, रूट/एरिया असाइनमेंट, सभी वाहनों में जीपीएस, जीपीएस क्रेडेंशियल उपलब्ध कराना, नियमित मैनपावर उपस्थिति दर्ज करना और वाहनों के दैनिक ट्रिप पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य था। नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार एजेंसी द्वारा आवश्यक संख्या में वाहन एवं मैनपावर फील्ड में तैनात नहीं किए गए। मैनपावर का एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर पंजीकरण एवं एरिया असाइनमेंट नहीं किया गया। सभी वाहनों में जीपीएस स्थापित नहीं किया गया तथा मैनपावर की उपस्थिति भी पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई।

वाहनों की कमी और उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर जुर्माना

एजेंसी द्वारा जुलाई माह में निर्धारित 53 वाहनों की तुलना में विभिन्न दिनों में कम संख्या में वाहनों के संचालन पाया गया। वाहनों की निर्धारित संख्या से कम तैनाती के लिए कुल 20,49,641 रुपये की पेनल्टी दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त मैनपावर की उपस्थिति पोर्टल पर अपलोड नहीं करने के लिए 1,55,719 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों को मिलाकर एजेंसी पर कुल 22,05,360 रुपये की पेनल्टी लगाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर