home page

गुरुग्राम: दुकान से डिजाइनर सूट चोरी करने वाली तीन महिला आरोपी गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम: दुकान से डिजाइनर सूट चोरी करने वाली तीन महिला आरोपी गिरफ्तार


-आरोपियों के कब्जा से करीब दो लाख रुपये कीमत के 11 डिजाइनर सूट बरामद

गुरुग्राम, 22 मई (हि.स.)। यहां एक दुकान से डिजायनर सूट चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी महिलाओं के कब्जा से करीब दो लाख रुपये कीमत के 11 डिजायनर सूट बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को पुलिस थाना सेक्टर-50 में एक महिला द्वारा शिकायत दी गई। शिकायत में कहा गया कि उसकी कपड़ों की दुकान गुड अर्थ सिटी सेंटर मॉल सेक्टर-50 गुरुग्राम में है। आठ मई 2026 को रात करीब पौने आठ बजे चार महिलाएं उसकी दुकान पर कपड़े देखने के बहाने आईं थी। इस दौरान वे दुकान से डिजाइनर सूट व आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी करके ले गईं। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-50 में केस दर्ज करके जांच शुरू की गई। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस टीम ने इस मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिलाओं की पहचान लक्ष्मी (उम्र-48 वर्ष) रेखा (उम्र-38 वर्ष) व वंदना (उम्र-35 वर्ष)तीनों निवासी कस्तूरबा नगर दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी महिलाएं संगठित रूप से दुकानों/मॉल में कपड़े देखने के बहाने प्रवेश करती हैं। मौका पाकर महंगे कपड़े चोरी करके फरार हो जाती हैं। चोरी किए हुए कपड़े चोर बाजार में सस्ते दामों पर बेच देती हैं। आरोपी महिलाओं के अपराधिक रिकॉर्ड से पता चला है कि आरोपी लक्ष्मी उ के खिलाफ चोरी करने का एक केस दिल्ली में व एक केस गुरुग्राम में पहले से दर्ज है। आरोपी रेखा के खिलाफ लड़ाई-झगड़ा करने के तहत एक केस दिल्ली में दर्ज है। पुलिस टीम द्वारा महिला आरोपियों के कब्जा से चोरी किए गए 11 डिजाइनर सूट (कीमत करीब दो लाख रुपये) बरामद किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर