home page

गुरुग्राम: चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित होंगे मानेसर नगर निगम क्षेत्र के गोल चक्कर

 | 
गुरुग्राम: चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित होंगे मानेसर नगर निगम क्षेत्र के गोल चक्कर


-एचएसवीपी की रोड को निगम करेगा डस्ट फ्री, लगेंगे एंटी स्मोक टावर

-एंटी स्मोक गन से नियमित किया जाएगा पानी का छिडक़ाव

गुरुग्राम, 02 जून (हि.स.)। नगर निगम मानेसर निगम क्षेत्र में एचएसवीपी की सडक़ों पर स्थित बड़े गोल चक्करों को चंडीगढ़ की तर्ज पर डिजाइन करेगा। इन सडक़ों पर करीब 35 किलोमीटर लंबी ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज को भी एनजीओ, कंपनियों, सोसाइटियों आदि से सीएसआर के तहत विकसित करवाया जाएगा। इन सडक़ों को डस्ट फ्री बनाने के लिए एंटी स्मोक टावर लगाए जाएंगें। एंटी स्मोक गन से इन सडक़ों पर नियमित पानी का छिडक़ाव करने की योजना बनाई गई है।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने मंगलवार को निगम क्षेत्र की विभिन्न सडक़ों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम जरूरत के अनुसार एंटी स्मोक गन खरीदेगा। इनसे सडक़ों पर नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव किया जाएगा। ग्रीन बेल्ट, सेंटर वर्ज को हरा-भरा और धूल मुक्त बनाने के लिए एसटीपी का संशोधित पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। ज्यादा धूल वाले इलाकों में एंटी स्मोक टावर भी लगाने के आदेश आयुक्त ने दिए। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के नियमानुसार सडक़ों को विकसित किया जाना चाहिए।

मंगलवार को आयुक्त प्रदीप सिंह ने निगम क्षेत्र में एचएसवीपी, जीएमडीए की विभिन्न सडक़ों को दौरा करते हुए कहा कि गांव रामपुरा से पटौदी रोड, वाटिका चैक से पटौदी रोड, एमथ्रीएम गैलरी सोसाइटी से गांव नौरंगपुर वाया शिकोहपुर रोड़ की ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज की एचएसवीपी, जीएमडीए से एनओसी लेकर नगर निगम अपने स्तर पर विकसित करेगा। इसके लिए निजी कंपनियों, एनजीओ, सोसाइटियों या बिल्डरों से सीएसआर फंड में विकसित करने का आग्रह किया जाएगा। इसके अलावा दादी सती चौक, जय सिंह चौक, बाबा कनाला चौक और राव हुकम चंद चौक को चण्डीगढ़ की तर्ज पर डिजाइन करके विकसित किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ एक्सईएन निजेश कुमार, एसडीओ अनिल मलिक सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर