गुरुग्राम: गुड अर्थ मॉल के लग्जरी शोरूम में लाखों के डिजाइनर सूट चोरी
हाई-प्रोफाइल महिलाओं के गैंग की करतूत सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने शुरू की जांच
गुरुग्राम, 10 मई (हि.स.)। सोहना रोड स्थित गुड अर्थ मॉल के लग्जरी शोरूम में हाई-प्रोफाइल महिलाओं के गैंग द्वारा लाखों रुपये के महंगे डिजाइनर सूट चोरी करने का मामला रविवार को सामने आया है। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चार महिलाएं सामान्य ग्राहकों की तरह शोरूम में दाखिल हुईं। उन्होंने पहले शोरूम स्टाफ से महंगे डिजाइनर सूट दिखाने को कहा और फिर बातचीत में कर्मचारियों को उलझा लिया। इसी दौरान महिलाओं ने बेहद शातिर तरीके से महंगे सूट अपने कपड़ों के अंदर छिपा लिए। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने इस तरह चोरी को अंजाम दिया कि मौके पर किसी कर्मचारी को शक तक नहीं हुआ।
शोरूम मालिक अंबिका तनेजा ने बताया कि स्टॉक मिलान के दौरान कुछ कीमती डिजाइनर सूट कम पाए गए। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो चार महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में महिलाएं अलग-अलग हिस्सों में घूमती और स्टाफ की नजर बचाकर सूट छिपाती दिखाई दे रही हैं।
अम्बिका तनेजा के अनुसार, महिलाओं का व्यवहार पूरी तरह आत्मविश्वास से भरा हुआ था, जिससे किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है। स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला किसी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जो लग्जरी शोरूम और महंगे सामान को निशाना बनाता है। पुलिस आसपास के अन्य शोरूम और मॉल में भी इस तरह की घटनाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

