home page

गुरुग्राम : गंदगी फैलाने वालों पर मानेसर नगर निगम ने ठोंका एक लाख से ज्यादा जुर्माना

 | 
गुरुग्राम : गंदगी फैलाने वालों पर मानेसर नगर निगम ने ठोंका एक लाख से ज्यादा जुर्माना


गुरुग्राम, 27 मार्च (हि.स.)। नगर निगम मानेसर ने स्वच्छता अभियान के तहत गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मार्च महीने में अब तक 118 लोगों के चालान किए गए। इन चालान में सबसे अधिक सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के हुए। खुले में कूड़ा डालने वाले 17 लोगों से 51 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि निगम क्षेत्र में स्वच्छता रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कोई ढील नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि खुले में कूड़ा डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग, अवैध मीट की दुकान और पानी की बर्बादी जैसे उल्लंघनों पर तत्काल चालान किए जाने चाहिए। उन्हाेंने बताया कि स्वच्छता शाखा की टीम ने इस महीने में 118 लोगों के चालान किए गए है। टीम ने विभिन्न वार्डो, बाजार और गांवों में छापेमारी करके चालान किए। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले 93 लोगों से 73 हजार रुपये, स्वच्छ पानी बर्बाद करने वाले से एक हजार रुपये, दुकानों पर अवैध विज्ञापनकर्ताओं से 3 हजार रुपये, खुले में कूड़ा डालने वाले 17 लोगों से 51 हजार 500 रुपये और एक चालान मीट की दुकान का किया गया।

आयुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए है, यदि लोग नियमों का पालन करेंगे तो जुर्माना नहीं लगेगा, परंतु उल्लंघन करने पर सख्ती की जाएगी। अप्रैल महीने से अभियान को और तेज किया जाएगा। चालान के बाद भी यदि कोई दोबारा नियमों की अवहेलना करेगा तो दुकानों को सील किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर