home page

गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू

 | 
गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू


-सीएम ने यमुनानगर से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी का किया उद्घाटन

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही यह उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राज रानी मल्होत्रा, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के चेयरमैन रामअवतार गर्ग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में यमुनानगर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संबोधन को लाइव देखा और सुना गया।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में स्थापित अमृत फार्मेसी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अक्सर बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं, जिससे उनके उपचार पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को उचित दरों पर दवाइयां उपलब्ध होंगी और उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और जनहितकारी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

नागरिक अस्पतालों में इस प्रकार की सुविधाओं का विस्तार होने से आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मेसी का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक किफायती और सुलभ बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता हैं और सरकार की ऐसी जनकल्याणकारी पहल से आम लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा। कार्यक्रम में एडीसी सोनू भट्ट, सीएमओ डॉ. वीरेंद्र बसवाना, नागरिक अस्पताल सेक्टर 10 से पीएमओ डॉ. नीना गठवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग, डॉ. मनीष, डॉ. हिमानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर