home page

कैथल: साैथा में घुसे जंगली जानवर ने किया परिवार पर हमला, चार घायल

 | 
कैथल: साैथा में घुसे जंगली जानवर ने किया परिवार पर हमला, चार घायल


कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। गांव सौथा में एक जंगली जानवर घर में घुस आया और परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल रहाा। घायल परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने और क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी लख्मी अपने परिवार के साथ घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर घर में घुस आया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले में लख्मी, उनकी पत्नी, पुत्रवधू और पोता घायल हो गए। अचानक हुए हमले से परिवार के सदस्य घबरा गए और शोर मचाने लगे। देखने में यह जानवर गीदड़ की तरह लग रहा था। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ को देखकर जानवर वहां से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में कर लिया। इस दौरान बचाव करते हुए ग्रामीणों ने उसपर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव सौथा सरस्वती नदी के किनारे बसा हुआ है। नदी के आसपास झाड़ियां और जंगल होने के कारण अक्सर जंगली जानवर गांव की ओर आ जाते हैं। इससे पहले भी कई बार जंगली जीव गांव में देखे जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना रहता है। घायल लख्मी ने बताया कि उनका परिवार पहले से ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। उनके पुत्र को लंबे समय से लकवे की बीमारी है और पुत्रवधू भी अस्वस्थ रहती है। ऐसे में इस घटना के बाद परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए और क्षेत्र में जंगली जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों को बचाया जा सके।

वन विभाग एवं वाइल्ड लाइफ विभाग के बीट इंचार्ज रणधीर ने बताया कि उन्हें गांव सौथा में जंगली जानवर के घुसने की अभी तक कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई है तो मौके का दौरा कर रिपोर्ट ली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे