home page

कैथल: साइबर सेल ने 21 लाख कीमत के 130 गुमशुदा मोबाइल बरामद करके मालिकाें काे साैंपे

 | 
कैथल: साइबर सेल ने 21 लाख कीमत के 130 गुमशुदा मोबाइल बरामद करके मालिकाें काे साैंपे


कैथल, 03 मार्च (हि.स.)। जिला साइबर सेल ने लगभग 21 लाख रुपये से अधिक कीमत के 130 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं। बरामद मोबाइल फोन मंगलवार को पुलिस लाइन में उनके मालिकों को सौंपे गए। डीएसपी सुशील प्रकाश ने ये मोबाइल मालिकों को उनके फोन लौटाए।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि साइबर सेल प्रभारी एएसआई राकेश के नेतृत्व में एएसआई रणदीप सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक और सिपाही अनिल कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग जुटाते हुए यह सफलता हासिल की। टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग कर मोबाइल ट्रेस किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और साइबर सेल टीम की प्रशंसा की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके खोए हुए फोन वापस मिल पाएंगे।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए सीईआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज होते ही संबंधित मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है। इससे फोन का दुरुपयोग नहीं हो पाता और ट्रेस होने पर शिकायतकर्ता को सूचना दी जाती है।

एसपी उपासना ने साइबर सेल के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे जहां आमजन को राहत मिली है, वहीं मोबाइल गलत हाथों में जाने से भी बचे हैं। उन्होंने अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत ई-दिशा केंद्र के माध्यम से सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे