home page

कैथल: विवाहिता की संदिग्ध मौत पर पति गिरफ्तार

 | 

कैथल, 14 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बिहार के जिला खगड़िया निवासी रामबली, जो वर्तमान में कैथल के शक्ति नगर में किराये पर रह रहे हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी पूजा की शादी करीब चार वर्ष पहले कमालपुर निवासी सागर के साथ हुई थी।

शादी के बाद से ही पति सागर, सास आरती, ससुर शमशेर और देवर अंकित द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 अप्रैल को वह मजदूरी के लिए सब्जी मंडी गया हुआ था। इसी दौरान उनकी बड़ी बेटी संजू ने फोन कर सूचना दी कि पूजा की मौत हो गई है और उसका शव सरकारी अस्पताल कैथल में लाया गया है। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे और अपनी बेटी के शव की पहचान की।

परिजनों ने बताया कि मृतका के गले पर फांसी के निशान पाए गए हैं, जिससे उन्हें आशंका है कि या तो उसकी हत्या की गई है या फिर दहेज प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे