home page

कैथल: रोहेड़ा माजरा आत्महत्या केस की जांच काे एसआईटी का गठन

 | 

कैथल, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव रोहेड़ा माजरा में 34 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या और उसके पिता द्वारा न्याय की गुहार लगाते हुए आत्महत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है।

जांच टीम में डीएसपी गुरविंद्र सिंह और सीआईए-1 इंचार्ज सुनील कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस द्वारा अब तक ससुराल पक्ष के छह लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि करीब 20 अन्य लोगों से सामूहिक रूप से भी जानकारी जुटाई गई है।

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। अब तक की पूछताछ में आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सके हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

शुरुआत में मृतका के परिजनों के बयान पर सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बाद में जांच के दौरान पति और उसके भांजे को भी पूछताछ में शामिल किया गया। परिजनों की मांग पर मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी लंबित है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

सीआईए इंचार्ज सुनील कुमार ने मंगलवार काे बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ हो चुकी है। एसआईटी द्वारा जुटाए जा रहे तथ्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

यह है मामला

हालही में रोहेड़ा माजरा गांव में जींद जिले के कुचराना कलां की रहने वाली 34 वर्षीय मनजीत ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के परिजनों ने पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इस मामले में केस दर्ज किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। न्याय की मांग को लेकर मृतका के परिजन कैथल में 13 अप्रैल काे रोष मार्च निकालने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस कार्रवाई से नाराज मृतका के पिता ने सचिवालय परिसर में पेड़ से फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे