कैथल :युवक पर जानलेवा हमला करने के पांच आरोपी पकड़े
कैथल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। करनाल रोड पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी बीर भान ने गुरुवार को बताया कि गांव कैलरम निवासी अमन खान की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। अमन खान ने बताया कि उसका चचेरा भाई असलम दाे फरवरी को करनाल रोड फाटक के पास मौजूद था। जहां गांव के ही नानू नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर डंडों व गंडासियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में असलम के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
डीएसपी के अनुसार आरोपी कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारों सहित फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले गांव के बस अड्डे पर आरोपियों और असलम के बीच गाली-गलौज व मारपीट हुई थी, उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।
सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम ने गांव कैलरम निवासी बिंटू व सचिन, गांव तितरम निवासी आशु, गांव सिणंद निवासी मनप्रीत और गांव मटौर निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नानू करनाल रोड पर कोरियर ऑफिस चलाता है। घटना वाले दिन असलम अपने साथियों के साथ नानू के ऑफिस में पहुंचा था। विवाद बढ़ने पर नानू ने अपने साथियों को बुला लिया और असलम पर हमला करने की साजिश रची। आरोपियों ने गाड़ी से असलम को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

