कैथल में मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश काबू,दोनों के पैरों में लगी गोली
कैथल, 22 मई (हि.स.)। जिले में डेरों को निशाना बनाकर लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के दो फरार सदस्यों को कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। करीब चार साल से फरार चल रहे इन दोनों आरोपियों को कलायत क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान काबू किया गया, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर की। टीम को इनपुट मिला था कि अंबाला जिले के शहजादपुर निवासी रजत और मंगल खडालवा मंदिर क्षेत्र में किसी वारदात की रेकी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। खडालवा मंदिर के पास जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया, वे तेजी से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। मटोर-बढ़सीकरी रोड पर रजबाहा के पास आरोपियों की बाइक फिसल गई, लेकिन उन्होंने भागने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने लगातार गोलियां चलाईं। पुलिस की ओर से पहले आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी गई और हवाई फायर भी किए गए, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग जारी रखी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल हरीश की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही काबू कर लिए गए। रजत के दाएं पैर और मंगल के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी वर्ष 2022 में कैथल जिले में डेरों में हुई छह लूट-डकैती की वारदातों में शामिल थे और तभी से फरार चल रहे थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पुलिस की वर्दी पहनकर और हथियारों के दम पर साधुओं के डेरों को निशाना बनाता था। गिरोह के अन्य सात सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि ये दोनों आरोपी लगातार भूमिगत थे। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज करवाया जा रहा है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों का भी खुलासा हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

