home page

कैथल में पिता ने बेटी की हत्या कर रची अपहरण की साजिश

 | 
कैथल में पिता ने बेटी की हत्या कर रची अपहरण की साजिश


कैथल में पिता ने बेटी की हत्या कर रची अपहरण की साजिश


कैथल, 31 मार्च (हि.स.)। कैथल जिले के गांव प्योदा में सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय मासूम बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन कर अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने स्वयं अपनी बेटी की गला दबा कर हत्या की है।

जानकारी के अनुसार आरोपी मूलरूप से जींद के गांव जयपुर गदली निवासी गोवर्धन ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर बताया कि उसकी बेटी का किसी ने अपहरण कर लिया है और बदमाश उसकी जेब से पैसे भी छीनकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और संबंधित थानों को अलर्ट किया। पुलिस टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां से आरोपी ने अपहरण की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि नहर के पास एक गड्ढे में बच्ची का शव पड़ा हुआ था। जांच में स्पष्ट हुआ कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह अपनी बेटी को यह कहकर घर से लेकर निकला था कि वह उसे उसके मामा के घर सीवन छोड़ने जा रहा है। इसी दौरान वह उसे गांव प्योदा की नहर के पास ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने जब आरोपी गोवर्धन से गहन पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की पहचान जिला जींद के गांव जयपुर गढ़ी निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते वह यह मान बैठा था कि यह बच्ची उसकी संतान नहीं है। इसी मानसिकता के कारण उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की गई है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे