home page

कैथल में गैस किल्लत के बीच प्रशासन की अपील, पीएनजी कनेक्शन चालू करवाएं

 | 

कैथल, 27 मार्च (हि.स.)। जिले में गैस किल्लत की समस्या को देखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की फिटिंग पूरी हो चुकी है, वे अपनी सिक्योरिटी फीस जमा करवाकर कनेक्शन चालू करवा लें।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक वरिंद्र सिंह ने बताया कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड द्वारा जिले में अब तक 33 हजार 396 घरेलू कनेक्शन की फिटिंग की जा चुकी है। इनमें से 10 हजार 617 कनेक्शन सक्रिय हैं, जबकि लगभग 22 हजार 779 उपभोक्ता ऐसे हैं जिनके यहां मीटर लगने के बावजूद गैस का उपयोग शुरू नहीं हुआ है। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए उपभोक्ताओं से कहा कि वे अपनी सिक्योरिटी जमा करवाते हुए इसे चालू करवाएं।

उन्होंने कहा कि पीएनजी गैस, एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती और सुरक्षित है। पीएनजी की कीमत लगभग 56.70 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि एलपीजी की कीमत 65.30 रुपये प्रति किलोग्राम है। इसके अलावा पीएनजी की सप्लाई 24 घंटे निरंतर उपलब्ध रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहती। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 23 मार्च 2026 को जारी निर्देशों के तहत स्पष्ट किया गया है कि जिन घरों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहां एलपीजी सप्लाई को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जा सकता है।

प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि वे नियमों का पालन करें और जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन को चालू करवाएं। उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन से जुड़ी किसी भी जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकते हैं। उपभोक्ता सुविधा, सुरक्षा और बचत को ध्यान में रखते हुए पीएनजी गैस का उपयोग शुरू करें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे