कैथल: महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण से वंचित रखा गया: पर्ल चौधरी
कैथल, 26 जून (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने कैथल में संगठन सृजन अभियान के तहत 'नारी वंदन अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उनके पहुंचने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर की महिला पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्ल चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद में नारी वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का भरोसा दिया था, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं के साथ वादा खिलाफी की है। उनका कहना था कि यदि सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर गंभीर होती तो महिलाओं को अब तक राजनीतिक प्रतिनिधित्व का लाभ मिल चुका होता। सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पद नहीं भरे जा रहे, जिससे शिक्षित युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाएगी।
कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।प्रदेश महासचिव प्रिग्या पाशा जैन ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया, जबकि प्रदेश महासचिव सीमा हुड्डा ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के पक्ष में खड़ी रही है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशीला शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और महिला कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

