home page

कैथल: भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त हुआ जिला प्रशासन

 | 
कैथल: भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त हुआ जिला प्रशासन


कैथल, 04 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अपराजिता ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए और आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, ड्रेनेज सिस्टम और जल संरक्षण से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में ट्यूबवेल खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी इलाके में जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

डीसी ने जल संरक्षण पर भी जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर योजना बनाई जाए जहां जल संचयन की जरूरत है। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर हालात का जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शहर की ड्रेनेज व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। आगामी मानसून को देखते हुए डीसी ने सभी नालों और ड्रेनों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।

इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहर के एम्पलाइज कॉलोनी, वीर कुंड, हरसौला बस्ती, चंदाना गेट, मॉडल टाउन सामुदायिक भवन और बालाजी कॉलोनी में कुछ ट्यूबवेल अचानक बंद हो गए थे। इनमें से वीर कुंड, हरसौला बस्ती और सामुदायिक भवन में नए ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं, जिन्हें जल्द चालू किया जाएगा। अन्य स्थानों पर भी काम शुरू किया जा रहा है।

स्वीकृत कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए पाइपलाइन बिछाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द कार्य शुरू होगा। इसके अलावा इन कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

डीसी अपराजिता ने आमजन से भी पानी की बचत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। लोगों को चाहिए कि वे पानी का उपयोग जरूरत के अनुसार करें और इसकी बर्बादी से बचें। बैठक में सहायक आयुक्त (प्रशिक्षु) शिवानी पांचाल, सीएमजीजीए दिव्यता, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता अभिषेक शेर, एआईपीआरओ अमित कौशिक और एसडीओ गोपाल वैद्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे