home page

कैथल: बिना लाइसेंस चल रही मेडिकल दुकान पर छापा, संचालक गिरफ्तार

 | 
कैथल: बिना लाइसेंस चल रही मेडिकल दुकान पर छापा, संचालक गिरफ्तार


कैथल, 18 जुलाई (हि.स.)। शहर में बिना लाइसेंस संचालित एक दवा दुकान पर ड्रग कंट्रोल विभाग और एंटी नारकोटिक सेल की संयुक्त कार्रवाई में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार सामने आया है। टीम ने दुकान से अल्प्राजोलम की 100 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। इसके अलावा 48 गर्भपात (एमटीपी) किट और अन्य एलोपैथिक दवाएं भी जब्त की गई हैं।

पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ड्रग कंट्रोल विभाग को सिरटा रोड की गली नंबर-4 में बिना लाइसेंस दवा बेचने की शिकायत मिली थी। सिविल सर्जन के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा के नेतृत्व में टीम ने दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान पर मौजूद राजेश कुमार, निवासी नानकपुरी कॉलोनी, कैथल से दवा बिक्री का लाइसेंस और रिकॉर्ड मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

इसी दौरान सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी के दौरान दुकान से 100 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं, जिनका बिना वैध अनुमति के भंडारण और बिक्री एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध है। वहीं ड्रग कंट्रोल विभाग ने 48 एमटीपी किट सहित अन्य एलोपैथिक दवाओं को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की शिकायत पर थाना शहर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे