home page

कैथल: बिना नंबर प्लेट वाहनों पर जिला पुलिस की कार्रवाई तेज, 10 बाइक इंपाउंड

 | 
कैथल: बिना नंबर प्लेट वाहनों पर जिला पुलिस की कार्रवाई तेज, 10 बाइक इंपाउंड


कैथल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले में ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने 10 बाइकों को जब्त कर इंपाउंड किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत ऐसे वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है, जो बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई सभी 10 बाइकों को इंपाउंड कर दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने शुक्रवार को कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे वाहन न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि कई बार आपराधिक घटनाओं में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे