home page

कैथल: पाई–करोड़ा सड़क निर्माण में मिली खामियां, विधायक ने किया औचक निरीक्षण

 | 
कैथल: पाई–करोड़ा सड़क निर्माण में मिली खामियां, विधायक ने किया औचक निरीक्षण


कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। पाई से करोड़ा मार्ग पर हाल ही में किए गए सड़क निर्माण में खामियाें की शिकायत मिलने के बाद पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों की शिकायतों के आधार पर पहुंचे विधायक ने मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क की परत, निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। इस पर विधायक ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क को दोबारा उच्च गुणवत्ता के साथ बनाने के सख्त निर्देश दिए।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करना गंभीर लापरवाही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और तय समय सीमा के भीतर सड़क को दोबारा बनाकर दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य में खामी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे