home page

कैथल : डीसी अपराजिता ने किया प्यौदा गांव स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण

 | 
कैथल : डीसी अपराजिता ने किया प्यौदा गांव स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण


कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने गांव प्यौदा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र में निरीक्षण किया। गुरुवार को दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्र में उपस्थिति व अनुपस्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। इसके अलावा उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा को शांतिपूरक व नकल रहित करवाने के लिए पैनी नजर बनाए रखें। परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी अपराजिता ने परीक्षा केंद्र में उपलब्ध करवाई जा रही सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों आदि की गहनता से जांच की। डयूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को कहा कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। परीक्षा के संदर्भ में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी तुरंत जिला प्रशासन के संज्ञान में लेकर आएं। उन्होंने केंद्र के बाहर तैनात पुलिस बल को भी मुस्तैद रहने और अनावश्यक भीड़ को हटाने के निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को नकल रहित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर कोई परीक्षार्थी नकल करने तथा अन्य व्यक्ति नकल करवाने में संलिप्त पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे