कैथल: ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, एक की नहीं हुई पहचान
कैथल, 26 मई (हि.स.)। शहर में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब चार बजे बालाजी कॉलोनी, दादा खेड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक शराब के नशे में थे और ट्रैक पार करते समय यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह सैर पर निकले लोगों ने ट्रैक के पास दो युवकों के शव पड़े देखे और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस जांच में एक मृतक की पहचान गांव दुब्बल निवासी विक्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम दिहाड़ी मजदूरी करता था और सोमवार रात घर नहीं लौटा था। परिजनों को सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
वहीं दूसरे युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस को उसकी जेब से नागरिक अस्पताल की एक पर्ची मिली है, जिस पर राजपाल पुत्र लख्मी का नाम लिखा हुआ है। इस आधार पर पुलिस ने अस्पताल में जानकारी जुटाई तो पता चला कि दोनों युवक रात के समय अस्पताल आए थे और उस दौरान भी शराब के नशे में थे। रेलवे पुलिस की हेड कांस्टेबल सीमा ने बताया कि अज्ञात युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है ताकि परिजन आकर उसकी पहचान कर सकें। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

