home page

कैथल : ट्रेड डील के विरोध में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व भारत के प्रधानमंत्री का पुतला जलाया

 | 
कैथल : ट्रेड डील के विरोध में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व भारत के प्रधानमंत्री का पुतला जलाया


कैथल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की जिला स्तरीय बैठक हनुमान वाटिका कैथल में जिला अध्यक्ष गुरनाम फरल की अध्यक्षता मे हुई। बैठक के बाद युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चहल नरड़, प्रदेश उपाध्यक्ष चमकौर सिंह चीका के नेतृत्व में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध मे नारेबाजी करते हुए किसान छोटू राम चौक पर पहुंचे, वहां पर ट्रेड डील के विरोध में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया गया।

युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना ने शुक्रवार काे कहा कि धान के सीजन में हरियाणा प्रदेश में खरीद के दौरान पांच हजार करोड रुपये से अधिक का धान घोटाला हुआ है, जिसको लेकर पूरे प्रदेश में धरने में प्रदर्शन किए गए, लेकिन इस घोटाले को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस धान घोटाले की सीबीआई से जांच करवाई जाए।

आज पूरे देश में भाकियू चढूनी द्वारा डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री के पुतले जलाकर इस ट्रेड डील का विरोध किया जा रहा है और 10 मार्च को पूरे देश में तहसील स्तर पर इसके विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकालकर विरोध किया जाएगा। 23 मार्च को शहीद ए आज़म भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के शहादत दिवस पर अनाज मंडी पिपली (कुरुक्षेत्र) में किसान- मजदूर जन क्रांति रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश एवं देश भर से किसान मजदूर व सामाजिक संगठन भाग लेंगे। इस महापंचायत में आगे के आंदोलन की रणनीति की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील देश के किसानों और खेत मजदूरों पर सीधा हमला है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी कृषि मंत्री के बयानों से साफ है कि भारत अमरीकी कृषि उत्पादों को जीरो कस्टम ड्यूटी पर अपने बाजार में आने देगा, जिससे भारतीय किसानों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। उन्होंने कहा कि 2024 में अमेरिका का भारत के साथ कृषि व्यापार घाटा 1.3 बिलियन डॉलर था, अब यह डील अमेरिकी किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है, ना कि हमारे किसानों की रक्षा के लिए। पहले तीन काले कृषि कानूनों से खेती कॉर्पोरेट के हवाले करने की कोशिश हुई, अब फिर अमेरिकी उत्पादों को जीरो कस्टम ड्यूटी पर लाकर भारतीय किसान को बर्बाद करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। यह किसानो से सबसे बड़ा विश्वासघात है। जिला अध्यक्ष गुरनाम फरल व प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चहल नरड़ ने कहा कि भाकियू लंबे समय से किसानों, मजदूरों एवं आम जनता के ज्वलंत मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलनरत है। संगठन द्वारा केंद्र सरकार की किसान-विरोधी नीतियों तथा भारत–अमेरिका फ्री ट्रेड डील के संभावित दुष्प्रभावों के खिलाफ लगातार आवाज़ उठाई जा रही है।

इस प्रदर्शन मे जरनैल सिंह जैली, नरेंद्र मागो माजरी, विक्रम दुसैण, पिरथी कौल, बलिंद्र हजवाना, रणधीर बरसाना, बलकार मलिक, सुरेंद्र प्यौदा, गुरबचन हरिगढ़, गुरपाल गगडपुर,कुडा राम पबनावा, गुरमुख फरल, बहादुर गोरसी, सतनाम दुसैण, सतपाल पूंडरी, शीलू गोलन, मोनी सिकंदर खेड़ी, संदीप संधू उपस्थित थे

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे