home page

कैथल: ट्रक से 360 किलो डोडा पोस्त बरामद, चालक गिरफ्तार

 | 
कैथल: ट्रक से 360 किलो डोडा पोस्त बरामद, चालक गिरफ्तार


कैथल, 22 अप्रैल (हि.स.)। एंटी नारकोटिक सेल कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक चालक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 360 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम गश्त कर रही थी, इसी दौरान एएसआई जसमेर सिंह की टीम खरक पांडवा क्षेत्र में जम्मू-कटरा हाईवे पुल के नीचे मौजूद थी, जहां उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना में बताया गया कि एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त लदा हुआ है, जो राधा स्वामी सत्संग भवन, कलायत के पास खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेडिंग पार्टी का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर एक बंद बॉडी ट्रक खड़ा मिला, जिसमें एक व्यक्ति मौजूद था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गांव नाहरपुर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) निवासी हरविंद्र सिंह के रूप में बताई, जो ट्रक चालक है।

जांच के दौरान ट्रक में घरेलू सामान की आड़ में छिपाकर रखे गए 18 कट्टे बरामद हुए। जब इन कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। प्रत्येक कट्टे का वजन करीब 20 किलोग्राम पाया गया, जिससे कुल बरामदगी 360 किलोग्राम तक पहुंची। पुलिस ने तुरंत आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ट्रक में घरेलू सामान लोड कर तमिलनाडु से जम्मू जा रहा था। इसी दौरान उसने मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त खरीदा और उसे ट्रक में छिपाकर आगे सप्लाई करने की योजना थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे