home page

कैथल: जिले के विकास कार्यों में तेजी लाएं, समयसीमा में पूरा करें प्रोजेक्ट देरी बर्दाश्त नहीं : डॉ. साकेत कुमार

 | 
कैथल: जिले के विकास कार्यों में तेजी लाएं, समयसीमा में पूरा करें प्रोजेक्ट देरी बर्दाश्त नहीं : डॉ. साकेत कुमार


कैथल, 27 मार्च (हि.स.)।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं जिला के प्रशासनिक सचिव डॉ. साकेत कुमार ने लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शुक्रवार को हुई बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और आमजन को सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

बैठक में डॉ. साकेत कुमार ने 25 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले लंबित प्रोजेक्ट्स की बिंदुवार समीक्षा की। इनमें राजौंद का एसटीपी प्रोजेक्ट, कैथल शहर का निर्माणाधीन सिटी स्क्वेयर, राजकीय कॉलेज राजौंद, संस्कृत विश्वविद्यालय भवन, मेडिकल कॉलेज, चीका बाईपास, चक्कू लदाना में बन रहा राजकीय कॉलेज और धनौरी लिंक चैनल शामिल रहे। उन्होंने विशेष रूप से चक्कू लदाना कॉलेज और चीका बाईपास प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी परियोजना में तकनीकी अड़चन आती है तो संबंधित विभाग आपसी तालमेल से उसे तुरंत दूर करें, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। डॉ. साकेत कुमार ने निर्देश दिए कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामलों में सख्ती बरतते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इसके अलावा उन्होंने समाधान शिविर, सेवा के अधिकार अधिनियम, सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों की भी फीडबैक ली और अधिकारियों को जनसेवा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

डीसी अपराजिता ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि समाधान शिविरों और सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था में जिला कैथल पूरे हरियाणा प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जाती है, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

इस अवसर पर एसपी मनप्रीत सिंह, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, शुगर मिल एमडी कृष्ण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे