home page

कैथल: चलती रोडवेज बस में युवक का हंगामा, पुलिस ने थाने ले जाकर उतारा

 | 

कैथल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में एक चलती रोडवेज बस में नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया और यात्रियों को धमकाता रहा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बस चालक को बस सीधे सिविल लाइन थाने ले जानी पड़ी, जहां पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बस से नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को हिसार डिपो की एक रोडवेज बस चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कलायत क्षेत्र से आगे बढ़ी, एक युवक बस में चढ़ा और नशे की हालत में यात्रियों को परेशान करने लगा। वह कभी मोबाइल से वीडियो बनाता तो कभी यात्रियों को चुप रहने की धमकी देता। युवक के इस व्यवहार से बस में सवार लोग भयभीत हो गए। बस चालक संदीप ने बताया कि उन्होंने और कंडक्टर ने युवक को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। उल्टा वह बस के आगे खड़ा हो गया और बस को आगे बढ़ने से रोकने की धमकी देने लगा।

स्थिति को देखते हुए चालक ने बस अड्डा चौकी पर भी सूचना दी, जहां पुलिसकर्मियों ने युवक को बस से उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उतरा और अपना नाम-पता बताने से भी इनकार कर दिया।

आखिरकार चालक बस को सीधे सिविल लाइन थाने ले गया। थाने पहुंचने पर पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया, इसके बाद पुलिस टीम ने युवक को काबू कर बस से नीचे उतारा। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और प्राथमिक जांच में यह सूखा नशा करने की आशंका है। बस के कंडक्टर की लिखित शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे