home page

कैथल: घरेलू विवाद में विवाहिता की हत्या, पति-सास-ससुर पर केस दर्ज

 | 
कैथल: घरेलू विवाद में विवाहिता की हत्या, पति-सास-ससुर पर केस दर्ज


कैथल, 06 मई (हि.स.)।

कैथल के अर्जुन नगर क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक 32 वर्षीय विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पति, सास और ससुर पर मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के भाई नरवाना निवासी अमन ने बताया कि उसकी बहन कविता की शादी करीब 10 साल पहले अर्जुन नगर निवासी सोनू के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती समय में सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष द्वारा उसे परेशान किया जाने लगा। आरोप है कि पति उस पर बेवजह शक करता था और अक्सर मारपीट करता था।

परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले पति ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर कविता की बुरी तरह पिटाई की। उसे डंडों और लाठियों से मारा गया। सूचना मिलने पर परिजन कैथल पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे