कैथल : गौशाला की एंबुलेंस ने साइकिल सवार बच्चे को कुचला, मौत
कैथल, 17 सितंबर (हि.स.)। कलायत में मटौर रोड पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई गौशाला की एंबुलेंस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कलायत के वार्ड नंबर-8 निवासी विनीत के रूप में हुई है। वह सातवीं कक्षा में पढ़ता था और करीब 20 दिन बाद ही उसका 11वां जन्मदिन था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कलायत थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर एंबुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता कश्मीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसका बेटा विनीत घर के बाहर गली में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान सड़क की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक एंबुलेंस आई और साइकिल सवार विनीत को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण विनीत की मौके पर ही मौत हो गई।
कश्मीर सिंह ने बताया कि परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं। विनीत सातवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। परिवार के लिए बेटे की अचानक हुई मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। कलायत थाना के जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि पुलिस को हादसे की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

