कैथल: खरौदी में मकान के पीछे अफीम की खेती, 15 किलो पौधे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने कार्रवाई करते हुए गांव खरौदी से अफीम की खेती करने वाले एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.130 किलोग्राम अफीम के पौधे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम की टीम सांयकालीन गश्त के दौरान खरौदी बस अड्डे पर मौजूद थी। इस दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव खरौदी निवासी गगनदीप अपने मकान के पीछे डोडापोस्त (अफीम) की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और गगनदीप को काबू कर लिया।
मौके पर पुलिस उप अधीक्षक कुलदीप बेनीवाल भी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में जांच की गई, जिसमें मकान के पीछे उगाई गई अफीम की फसल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 15.130 किलोग्राम अफीम के पौधे जब्त किए। इस संबंध में थाना गुहला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई शमशेर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

