home page

कैथल के युवक का कनाडा में अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि

 | 
कैथल के युवक का कनाडा में अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि


कैथल, 08 जुलाई (हि.स.)। कैथल जिले के गांव चुहड़माजरा निवासी 24 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी राकेश कुमार का कनाडा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। राकेश की कुछ दिन पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिवार के निर्णय के अनुसार उसका पार्थिव शरीर भारत नहीं लाया गया और कनाडा में ही बड़े भाई साहिल ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया।

परिजनों के अनुसार दोनों भाई कनाडा में एक साथ रह रहे थे। परिवार के बुजुर्गों का मानना था कि यदि राकेश का पार्थिव शरीर गांव लाया जाता तो परिवार के सदस्य इस सदमे को सहन नहीं कर पाते। इसी वजह से परिजनों ने बड़े बेटे साहिल को वहीं अंतिम संस्कार करने की सहमति दे दी।

राकेश कुमार वर्ष 2020 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। उसे विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 17 लाख रुपये खर्च किए थे। कनाडा पहुंचने के बाद वह अपने बड़े भाई साहिल के साथ रह रहा था। बताया गया कि कुछ दिन पहले उसे तेज बुखार आया, जिसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

राकेश के चाचा कृष्ण कुमार ने बताया कि वह बचपन से ही वॉलीबॉल का बेहतरीन खिलाड़ी था। वह हरियाणा का ऐसा खिलाड़ी था, जो पंजाब की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा था। स्कूल के समय से ही उसने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई और पंजाब की ओर से कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर जीत भी हासिल की थी। उसकी असमय मौत से खेल जगत और गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे