home page

कैथल: इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार

 | 
कैथल: इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 12 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर क्राइम प्रभारी एसआई रणदीप सिंह के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव बिरखैर जिला कुरुक्षेत्र, हाल निवासी भूतगढ़ जिला लुधियाना (पंजाब) के विवेक शर्मा को काबू किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव बदसूई निवासी रवि पूनिया ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी ऑस्ट्रेलिया में स्टडी वीजा पर रह रही है और वह भी वहां जाना चाहता था। वीजा के लिए वह इंस्टाग्राम पर एजेंसी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान एक इंस्टाग्राम अकाउंट से संपर्क किया गया और उसे छह लाख रुपये में स्टडी वीजा लगवाने का झांसा दिया गया।

ठगों के झांसे में आकर रवि ने अपने जरूरी दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेज दिए। 23 जनवरी 2025 को उसे व्हाट्सएप पर एक कथित वीजा भेजा गया और बाद में टिकट के नाम पर उससे दाे लाख 10 हजार रुपये और ऐंठ लिए गए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो टिकट भेजी और न ही वीजा की असली कॉपी दी, बल्कि उसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप से ब्लॉक कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि इस ठगी में दो आरोपी शामिल थे। इससे पहले पुलिस गांव लोहारा जिला कुरुक्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विवेक शर्मा और सुरेंद्र सिंह ने मिलकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों को ठगने का नेटवर्क तैयार किया हुआ था। पुलिस ने आरोपी विवेक शर्मा के कब्जे से पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे