home page

कैथल: इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 | 
कैथल: इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 14 मई (हि.स.)। विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ कैथल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि गांव ट्योंठा निवासी शेर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके चाचा अमरीक सिंह के माध्यम से आरोपी गुरबाज सिंह का उनके घर आना-जाना था। आरोपी ने विदेश भेजने का झांसा देते हुए छह महीने में इंग्लैंड भेजने और वहां नौकरी दिलाने का वादा किया। इसके बदले में आरोपियों ने 14 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार दिसंबर 2019 से मार्च 2020 के बीच आरोपी ने 10.50 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद कोरोना महामारी का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। जनवरी 2023 में आरोपी ने एक लाख रुपये और ले लिए और जल्द वीजा आने का भरोसा दिया, लेकिन अप्रैल 2023 तक वीजा नहीं आया।

आरोप है कि फरवरी 2025 में जब पीड़ित ने अपने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपी ने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। इस तरह आरोपी ने कुल 12.50 लाख रुपये की ठगी की। टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव राजपुरा, जिला पटियाला (पंजाब) निवासी गुरबाज सिंह उर्फ गैवी को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे