home page

एचकेआरएन कर्मियों को तुरंत प्रभाव से पक्का करे सरकार : हुड्डा

 | 
एचकेआरएन कर्मियों को तुरंत प्रभाव से पक्का करे सरकार : हुड्डा


अभय चौटाला के खिलाफ करूंगा क्रिमिनल और सिविल केस

चंडीगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एचकेआरएन के जरिए बीजेपी सरकार युवाओं का शोषण कर रही है। इसलिए कांग्रेस की मांग है कि एचकेआरएन के सभी कर्मियों को पक्का किया जाए और उन्हें पक्के कर्मचारियों वाला पे-स्केल, प्रमोशन, आरक्षण व रिटायरमेंट लाभ दिए जाएं। गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि कौशल निगम के तहत हो रही व्यवस्था ना सिर्फ शोषणकारी है, बल्कि यह असंवैधानिक भी है। इसके लिए कांग्रेस राज्यपाल को मिलकर भी उन्हें ज्ञापन सौंपेगी।

हुड्डा ने कौशल कर्मियों की हालत पर कहा कि ना ये बेरोजगार हैं, न ये तनख्वाहदार हैं, युवाओं को दिहाड़ीदार बना दिया है। हुड्डा ने कहा कि सरकार द्वारा सफाई कर्मियों की मांगों को अनदेखा करने के चलते पूरे प्रदेश में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान 11000 ग्रामीण और 14000 शहरी सफाईकर्मी नियुक्त किए गए थे। लेकिन बीजेपी सरकार ने आज तक उनको पक्का नहीं किया। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला ने उनके खिलाफ एक झूठा बयान दिया है। इसको लेकर इनेलो नेता को क्रिमिनल और सिविल दोनों केस करके कोर्ट में घसीटूंगा। क्योंकि उन्होंने अमित शाह से मुलाकात और किसी निजी कंपनी में पार्टनरशिप से संबंधित दोनों झूठी बातें बोली हैं। न मैं अमित शाह से मिला और न ही मेरा उस कंपनी से कोई संबंध है।

बीजेपी द्वारा कांग्रेस की खेल नीति पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान लागू नीति की आज भी पूरे देश और पूरी दुनिया में सराहना होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा