गुजरात में अगले कुछ दिन भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए अलर्ट
सूरत/अहमदाबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज बुधवार और गुरुवार को दक्षिण गुजरात के नवसारी और वलसाड जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सूरत, डांग और तापी में भारी बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार गुजरात में कई जगह अगले पांच से छह दिनों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहने की संभावना है। खासकर दक्षिण गुजरात के जिले भारी बारिश से ज्यादा प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, भरूच, नर्मदा, तापी, छोटा उदयपुर, पंचमहल, दाहोद, बनासकांठा, मेहसाणा और साबरकांठा जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

