home page

कैथल:फीस नहीं भरने पर छात्रा को परीक्षा से रोका, कृषि मंत्री ने स्कूल की मान्यता रद्द करने के दिए निर्देश

 | 
कैथल:फीस नहीं भरने पर छात्रा को परीक्षा से रोका, कृषि मंत्री ने स्कूल की मान्यता रद्द करने के दिए निर्देश


कैथल, 26 जून (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में फीस न भर पाने के कारण एक छात्रा को परीक्षा से वंचित करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निजी स्कूल की मान्यता रद्द करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी की शिक्षा में आर्थिक कारणों से बाधा डालना सरकार की 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' नीति के खिलाफ है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री ने कुल 12 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि छह मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। तीन मामलों में निष्पक्ष जांच के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित की गईं। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों के समाधान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सबसे अधिक चर्चा गांव गुलियाणा निवासी विधवा पूनम देवी की शिकायत को लेकर हुई। पूनम देवी ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपनी बेटी की स्कूल फीस समय पर जमा नहीं कर सकीं। इसके चलते काकौत स्थित एक निजी स्कूल ने उनकी बेटी को पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी और बाद में स्कूल से निकाल दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि स्कूल प्रबंधन ने स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र (एसएलसी) जारी करने के लिए भी 30 हजार रुपये की बकाया फीस जमा कराने की शर्त रख दी।

शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि छात्रा का दूसरे विद्यालय में दाखिला करवा दिया गया है, लेकिन मंत्री ने इस जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि यह मामला केवल दाखिले तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बेटी के शिक्षा के अधिकार से जुड़ा हुआ है। उन्होंने शिक्षा विभाग को तत्काल संबंधित निजी स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी बाधा के पहुंचे और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, विधायक सतपाल जांबा, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, उपायुक्त अपराजिता, पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन, समिति के गैर सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे