home page

गुजरात के जाने-माने कवि और गजलकार राजेंद्र शुक्ल का निधन, साहित्य जगत में शोक

 | 
गुजरात के जाने-माने कवि और गजलकार राजेंद्र शुक्ल का निधन, साहित्य जगत में शोक


अहमदाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। गुजराती साहित्य के सुप्रसिद्ध कवि, गजलकार और आलोचक राजेंद्र शुक्ल का आज तड़के अहमदाबाद में 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी अंतिम यात्रा आज शाम छह बजे उनके निवास स्थान से निकलकर थलतेज श्मशान गृह पहुंचेगी।

राजेंद्र अनंतराय शुक्ल का जन्म 12 अक्टूबर 1942 को जूनागढ़ जिले के बांटवा गांव में हुआ था। उन्होंने अहमदाबाद के एल.डी. आर्ट्स कॉलेज और गुजरात विश्वविद्यालय से संस्कृत व प्राकृत विषयों में स्नातकोत्तर (एम.ए.) की उपाधि प्राप्त की थी। वर्ष 1982 तक विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन कार्य करने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी और इसके बाद अपना पूरा समय काव्य लेखन को समर्पित कर दिया था। उनकी पत्नी नयना जानी भी जानी-मानी गुजराती कवयित्री हैं।

शुक्ल ने गुजराती साहित्य को ‘गिरनारनी तलेटी’, ‘कोमल रिषभ’, ‘स्ववाचकनी शोध’, ‘अंतर गांधार’ और ‘गजलसंहिता’ जैसी उल्लेखनीय कृतियां दीं। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 2006 में रणजितराम सुवर्णचंद्रक और नरसिंह मेहता पुरस्कार, 2007 में ‘गजलसंहिता’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार, 2008 में नर्मद सुवर्णचंद्रक तथा 2009 में वली गुजराती गजल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें कवि श्री नानालाल पुरस्कार और उमा-स्नेहरश्मि पुरस्कार भी प्रदान किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे