home page

गुजरात के पोरबंदर में विकसित होगा वर्ल्ड क्लास फर्नीचर पार्क, 13 जून को उद्योग जगत के साथ होगी हाई-लेवल समिट

 | 

गांधीनगर, 12 जून (हि.स.)। गुजरात के पोरबंदर को वैश्विक स्तर के फर्नीचर निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में 13 जून 2026 को ‘विकसित पोरबंदर फर्नीचर पार्क समिट’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रस्तावित मेगा फर्नीचर पार्क की संभावनाओं, विकास रणनीति और निवेश अवसरों पर उद्योग जगत के साथ व्यापक चर्चा होगी।

राज्य सूचना विभाग ने अपने बयान में बताया कि इस बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं पोरबंदर सांसद डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात सरकार के मंत्री एवं पोरबंदर विधायक अर्जुनभाई मोढवाडिया की उपस्थिति में उद्योग प्रतिनिधियों और हितधारकों के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पोरबंदर के औद्योगिक विकास और भविष्य की औद्योगिक रूपरेखा को नई दिशा देने वाला मंच साबित होगा।

देशभर के अग्रणी उद्योगपति होंगे शामिल

फर्नीचर उद्योग, लकड़ी व्यापार, इंटीरियर और संबंधित क्षेत्रों से जुड़े 50 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग संघों को समिट में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में अहमदाबाद स्थित ब्रिटिश उप उच्चायुक्त स्टीव हिकलिंग सहित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं ब्रांड्स जैसे आइकिया, डाटो सेनसो, हेट्टिच, मेरिनो, रॉयल टच लेमिनेट्स, मेडॉक और ऐमोर के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इसके अलावा गुजरात टिम्बर मर्चेंट एसोसिएशन, गुजरात टिम्बर ऑक्शन एसोसिएशन, गुजरात ग्रीन इकोनॉमिक चैंबर तथा पोरबंदर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी समिट में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।

सरकारी विभागों का रहेगा समन्वित सहयोग

फर्नीचर पार्क परियोजना के लिए आवश्यक एकीकृत विकास मॉडल को ध्यान में रखते हुए उद्योग विभाग, बंदरगाह विभाग तथा स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी समिट में शामिल होंगे। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। समिट में शामिल होने वाले देश-विदेश के प्रतिनिधि 14 जून को पोरबंदर के निकट स्थित भारवाडा क्षेत्र में प्रस्तावित फर्नीचर पार्क स्थल का निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान परियोजना की व्यवहारिकता, आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता और निवेश संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए प्रशासन द्वारा विशेष आतिथ्य व्यवस्था तथा सौराष्ट्र की कला और संस्कृति से परिचित कराने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

‘विकसित पोरबंदर फर्नीचर पार्क समिट’ को केवल एक बैठक नहीं, बल्कि पोरबंदर के औद्योगिक भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली दूरदर्शी पहल माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस परियोजना से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। 13 और 14 जून को आयोजित होने वाली यह समिट पोरबंदर के विकास के नए अध्याय की शुरुआत साबित हो सकती है, जो स्थानीय संसाधनों और वैश्विक अवसरों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे