home page

पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत, बुलंदशहर से पति गिरफ्तार

 | 
पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत, बुलंदशहर से पति गिरफ्तार


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। आनंद पर्वत इलाके की पंजाबी बस्ती में महिला (33) की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति चंद्रपाल भाटी (34) को बुलंदशहर ( यूपी) से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में बेटी के बयान और मौके से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पति पर शक हुआ था। पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था और वैवाहिक संबंध तनावपूर्ण थे।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंद पर्वत थाने में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर एसआई जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ पंजाबी बस्ती पहुंचे। वहां एक कमरे में महिला मृत हालत में मिली। वह अपने पति, दो नाबालिग बेटियों और मां के साथ रह रही थी।

जांच के दौरान करीब 10 साल की बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि तड़के करीब 3:45 से 4 बजे के बीच उसकी नींद खुली तो उसने पिता को मां के पास देखा। वह मां की सांस चेक कर रहे थे। इसके बाद पिता घर से बाहर चले गए। कुछ देर बाद बच्ची ने देखा कि मां कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, शव की जांच में शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली, हालांकि गर्दन के बाईं तरफ नाखून जैसे निशान थे। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर फोटोग्राफी और जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला को एलएचएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिवार को सौंप दिया गया।

बेटी के बयान और मौके के हालात से पति की भूमिका संदिग्ध लगने पर आनंद पर्वत थाने में एफआईआर नंबर 517/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

एसएचओ आनंद पर्वत ने एसआई जितेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम को सक्रिय किया। एसीपी/पीटीएन सुनील कुमार की निगरानी में एचसी सुरेश, एचसी महेंद्र और एचसी कैलाश की टीम ने तकनीकी जांच, स्थानीय सूचना और उपलब्ध सुरागों को जोड़ते हुए आरोपी को बुलंदशहर से पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि घटना के 16 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, एक विवाद के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव