पश्चिम रेलवे चलाएगा तीन स्पेशल ट्रेनें, मुंबई-धौलपुर और उधना-कानपुर के बीच विशेष सेवाएं
सूरत, 25 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर विशेष किराये के साथ तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
इनमें मुंबई सेंट्रल–धौलपुर, बांद्रा टर्मिनस–धौलपुर और उधना–कानपुर सेंट्रल के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
मुंबई सेंट्रल–धौलपुर स्पेशल
ट्रेन संख्या 09007/09008 मुंबई सेंट्रल–धौलपुर स्पेशल कुल चार फेरे लगाएगी। ट्रेन 09007 मुंबई सेंट्रल से 2 और 6 अक्टूबर 2026 को रात 10:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:10 बजे धौलपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 09008 धौलपुर से 3 और 7 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4:30 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, रतलाम, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, फतेहपुर सीकरी और आगरा कैंट स्टेशनों पर रुकेगी।
बांद्रा टर्मिनस–धौलपुर स्पेशल
ट्रेन संख्या 09023/09024 दो फेरे लगाएगी। ट्रेन 09023 बांद्रा टर्मिनस से 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:10 बजे धौलपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 09024 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे धौलपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 4:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, पालघर, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, फतेहपुर सीकरी और आगरा कैंट में रहेगा।
उधना–कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल
ट्रेन संख्या 04168/04167 उधना और कानपुर सेंट्रल के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित होगी। ट्रेन 04168 उधना से प्रत्येक शनिवार रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 10:10 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। यह सेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी।
वापसी में ट्रेन 04167 कानपुर सेंट्रल से प्रत्येक शुक्रवार रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:40 बजे उधना पहुंचेगी। यह सेवा 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक संचालित होगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, फतेहपुर सीकरी, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, फफूंद और झींझक स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास के कोच होंगे।
पश्चिम रेलवे की इन विशेष ट्रेनों से त्योहारों और बढ़ती यात्रा मांग के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

