home page

सूरत में भारी बारिश से खाड़ियां उफान पर, निचले इलाके जलमग्न

 | 

सूरत, 23 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले में भारी बारिश के कारण कई खाड़ियां (नाले) उफान पर आ गईं। भेदवाड़ और सीमाड़ा खाड़ी खतरे के निशान को पार कर गईं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। कई सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि कुछ मार्गों को सुरक्षा के मद्देनजर बंद करना पड़ा।

सूरत महानगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार भेदवाड़ खाड़ी का खतरे का स्तर 7.20 मीटर है, जबकि गुरुवार सुबह इसका जलस्तर बढ़कर 7.60 मीटर पहुंच गया। वहीं सीमाड़ा खाड़ी का खतरे का स्तर 4.50 मीटर है, लेकिन पानी 4.70 मीटर तक पहुंच गया। दोनों खाड़ियों का पानी आसपास के इलाकों में घुसने से कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। कोसाड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में भी पानी भर गया, जिससे मरीजों और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूरत के भरत कैंसर अस्पताल के आसपास भी खाड़ी का पानी पहुंचने से पूरा इलाका जलमग्न हो गया। कई स्थानों पर सड़कों पर तेज बहाव देखने को मिला और सड़कें नदी जैसी दिखाई देने लगीं। माधवबाग क्षेत्र में भी खाड़ी का पानी प्रवेश करने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। वहीं महाराणा प्रताप चौक स्थित गंगा होटल के बाहर भी पानी भर गया।

प्रशासन खाड़ियों के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

सुबह 9 बजे सूरत की प्रमुख खाड़ियों (नाले) की स्थिति

भेदवाड़ खाड़ीखतरे का स्तर (मीटर)7.20वर्तमान जलस्तर (मीटर)7.60

मीठी खाड़ीखतरे का स्तर (मीटर)9.35वर्तमान जलस्तर (मीटर)8.75

भाठेना खाड़ीखतरे का स्तर (मीटर)8.25वर्तमान जलस्तर (मीटर)6.85

सीमाड़ा खाड़ीखतरे का स्तर (मीटर)4.50वर्तमान जलस्तर (मीटर)4.70

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे