गुजरात में मौसम विभाग की चेतावनी-10 जिलों में ऑरेंज और वलसाड में रेड अलर्ट जारी
गांधीनगर, 01 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में मानसून ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार ,10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और वलसाड जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार वलसाड में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश दमन में भी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो नवसारी जिले में सबसे अधिक 4.53 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं अमरेली के सावरकुंडला में 3.11 इंच और वलसाड के धरमपुर में 2.76 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पोरबंदर, गिर सोमनाथ, जूनागढ़, भरूच, नर्मदा, छोटा उदयपुर, सूरत, नवसारी, डांग और तापी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं अमरेली, भावनगर, आनंद, वडोदरा, पंचमहल और दाहोद जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

