गुजरात के आदिवासी किसानों को अब रबी फसल के लिए भी मिलेगी बीज और खाद की सहायता
गांधीनगर, 18 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कृषि विविधीकरण योजना के तहत अब खरीफ की तरह रबी फसल के लिए भी बीज और खाद की सहायता देने का निर्णय किया है। इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 में 48,190 आदिवासी किसानों को लाभ दिया जाएगा। राज्य के आदिवासी आबादी वाले 14 जिलों में बीज और खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जनजातीय कल्याण योजना के अंतर्गत कृषि विविधीकरण योजना (रबी सीजन) का क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। इसके लिए आदिवासी किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। योजना का उद्देश्य खेती की लागत कम करना, कृषि उत्पादकता बढ़ाना और आदिवासी क्षेत्रों में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है।
गुजरात सरकार ने वर्ष 2012 में आदिवासी किसानों के लिए कृषि विविधीकरण योजना शुरू की थी। इसके तहत अब तक 15.70 लाख आदिवासी किसानों को लाभ मिल चुका है। किसानों को चयनित फसल के अनुसार एक एकड़ में बुवाई के लिए आवश्यक बीज और खाद की किट उपलब्ध कराई जाती है।
जिलों के अनुसार अलग-अलग फसलों के बीज
बनासकांठा, साबरकांठा, अरवल्ली, महीसागर, पंचमहल, दाहोद और छोटा उदेपुर जिलों में गेहूं, चना और मक्का में से किसी एक मुख्य फसल का बीज दिया जाएगा। इसके साथ टमाटर, भिंडी और बैंगन के बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, नर्मदा, भरूच, सूरत, नवसारी, तापी, वलसाड और डांग जिलों में भिंडी, टमाटर, लौकी और ककड़ी में से मुख्य फसल के बीज के साथ बैंगन और ब्रोकली के बीज दिए जाएंगे।
खाद के रूप में प्रत्येक लाभार्थी को 50 किलोग्राम पीआरओएम की एक बोरी, 50 किलोग्राम अमोनियम सल्फेट की एक बोरी और एनपीके कंसोर्टिया की एक बोतल दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन से प्रक्रिया हुई आसान
योजना के लाभार्थियों को खेती संबंधी प्रशिक्षण, बाजार से जुड़ाव की सेवाएं और फोन तथा संदेश के माध्यम से मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। लाभार्थियों के चयन में तेजी और पारदर्शिता लाने के लिए जनजातीय विकास विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से यह पोर्टल सभी आदिवासी जिलों में कार्यरत है।
इस व्यवस्था से किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। आवेदन से लेकर सहायता की मंजूरी तक की प्रक्रिया ऑनलाइन होने से किसानों के लिए योजना का लाभ प्राप्त करना अधिक सरल और सुविधाजनक हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

