home page

पिता की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार, पत्नी और मासूम बेटे की कार में जलकर मौत

 | 
पिता की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार, पत्नी और मासूम बेटे की कार में जलकर मौत


अहमदाबाद/सूरत, 28 जुलाई (हि.स.)। अहमदाबाद जिले के धोलेरा क्षेत्र में चांदनी होटल के पास मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हादसे में सूरत में रहने वाले एक परिवार की कार पलटने के बाद आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और उसके एक वर्षीय बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति और उसके पिता घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से धोलेरा तहसील के ओतरिया गांव का रहने वाला है और वर्तमान में सूरत में निवास करता है। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद कार पलट गई और उसमें अचानक आग लग गई। कार में सवार अमीबेन जतीनभाई काकड़िया और उनके एक वर्षीय पुत्र धनुष जतीन काकड़िया आग में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं जतीनभाई काकड़िया और उनके पिता सवजीभाई काकड़िया किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए धोलेरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पत्नी और बेटे को बचाने के लिए लगाता रहा गुहार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में आग लगने के बाद जतीनभाई अपनी पत्नी और बेटे को बचाने के लिए लोगों से लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। वे लोगों से बार-बार कहते रहे, आप लोग इतने सारे हैं, कृपया कार को सीधा कर दीजिए। लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि कोई भी व्यक्ति कार के पास जाने का साहस नहीं कर सका। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और मां-बेटे को बचाया नहीं जा सका।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे