महिसागर में मेघतांडव : लुणावाड़ा में मूसलाधार बारिश से कई गांव संपर्कविहीन, 300 लोगों का रेस्क्यू
महिसागर, 11 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के महिसागर जिले में मंगलवार को भारी से अतिभारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लुणावाड़ा सहित जिले के कई इलाकों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। भारी बारिश के कारण कई ग्रामीण क्षेत्र जलमग्न हो गए और कुछ गांवों का संपर्क भी टूट गया।
लुणावाड़ा के सुवा गांव में एक वैद्य के यहां दवा लेने के लिए दूसरे जिलों से आए करीब 300 लोग बारिश के पानी में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही महिसागर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 300 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भारी बारिश के चलते लुणावाड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निचले इलाकों में पानी भर गया। कई कच्चे रास्तों और कोतरों पर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस और प्रशासन की टीमों द्वारा प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

