home page

सूरत की एएनटीएम मार्केट में जलभराव, करोड़ों का माल बचाने के लिए जूझ रहे व्यापारी

 | 
सूरत की एएनटीएम मार्केट में जलभराव, करोड़ों का माल बचाने के लिए जूझ रहे व्यापारी


सूरत, 07 जुलाई (हि.स.)। लगातार दूसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के गोडादरा क्षेत्र स्थित एएनटीएम टेक्सटाइल मार्केट को जलमग्न कर दिया। मार्केट के बाहर सड़क पर भारी जलभराव होने से करोड़ों रुपये के कपड़े और अन्य सामान के खराब होने का खतरा मंडराने लगा है। हालात ऐसे बन गए कि व्यापारियों ने दुकानों के प्रवेश द्वार पर लकड़ी और अन्य सामग्री लगाकर अस्थायी अवरोध बनाए, ताकि बारिश का पानी दुकानों के अंदर न घुस सके।

भारी जलभराव के कारण सड़क पर ट्रक सहित कई वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए हैं। कई कारें, टेम्पो और अन्य वाहन आधे तक पानी में डूब गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन के साथ-साथ सूरत के प्रमुख कपड़ा उद्योग पर भी पड़ा। एएनटीएम मार्केट के पार्किंग क्षेत्र और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकानों में रखे करोड़ों रुपये के माल को सुरक्षित रखने के लिए व्यापारी और कर्मचारी युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। कोई मोटर से पानी निकालता दिखाई दिया, तो कोई दुकानों के बाहर अस्थायी बैरिकेड बनाकर पानी रोकने का प्रयास करता रहा।

इस जलभराव ने एक बार फिर सूरत महानगरपालिका की प्री-मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर वर्ष ड्रेनेज सफाई और जल निकासी व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में गोडादरा समेत कई इलाकों में पानी भर जाने से व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

हालांकि, नगर निगम का कहना है कि जल निकासी की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन अत्यधिक बारिश की तीव्रता के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

गोडादरा के निवासी महादेव वर्मा का कहना है की हर बार बारिश आते ही यह समस्या खड़ी हो जाती है। प्री मॉनसून की तैयारी मनपा हर वर्ष करती है फिर भी हम लोगों को इस समस्या से छुटकारा नही मिल पा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे